
अल्मोड़ा। जनपद में राष्ट्रीय और राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी की प्रक्रिया अभी अधूरी है। जिला पूर्ति अधिकारी करूणा पंत ने ऐसे सभी उपभोक्ताओं से 25 अगस्त तक अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर राशन कार्ड की यूनिट कटने की स्थिति में संबंधित उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जनपद में 3.69 लाख यूनिट पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक केवल 2.49 लाख यूनिट की ही ई-केवाईसी हो सकी है। वहीं राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के 2.38 लाख पंजीकृत यूनिटों में से केवल 1.05 लाख यूनिट की ई-केवाईसी पूरी हुई है।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने निकटतम सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर जाकर आसानी से ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा प्ले स्टोर से ‘मेरा ई-केवाईसी’ ऐप डाउनलोड कर स्वयं भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। जनपद से बाहर रहने वाले उपभोक्ता भी ऐप या अपने निकटतम सस्ता गल्ला विक्रेता के माध्यम से ई-केवाईसी करा सकते हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की।
