
रुद्रपुर(आरएनएस)। एक युवती ने युवक पर जान से मारने की धमकी देने और बदनाम करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी को पूर्व में भी युवती का पीछा करते समय पुलिस ने चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। वार्ड 12 निवासी एक युवती ने रविवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका रिश्ता 2025 में सैफी पुत्र इरशाद अहमद निवासी कोहाड़ापीर बरेली यूपी से हुआ था। बाद में रिश्ता मना हो गया था। आरोप है कि सैफी उस पर नजर रखता है और पीछा करता है। आए दिन जान से मारने की धमकी दे रहा है।आरोप लगाया कि सैफी उसके नाम से सोशल मीडिया पर आईडी बनाकर बदनाम कर रहा है। बताया कि आरोपी बदनाम करने की धमकी देने का रोज मैसेज कर रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है और परिवार में भी डर का माहौल है। एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इसी वर्ष 25 फरवरी को भी सितारगंज बाजार में युवती का पीछा करने पर पुलिस ने सैफी को गिरफ्तार कर उसके पास से चाकू बरामद किया था।

