
रुद्रपुर(आरएनएस)। किच्छा के लालपुर टिब्बा में विक्रांत उर्फ बागी की हत्या के मामले में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रुद्रपुर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को तमंचों के साथ पकड़ा, जबकि किच्छा पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही दो किशोरों को संरक्षण में लिया है। 25 जून को लालपुर टिब्बा में विक्रांत की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस लगातार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है। इसी क्रम में रुद्रपुर और किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर ब्लॉक रोड पर घेराबंदी कर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सिप्पी सागर उर्फ राजीव सागर पुत्र जय सिंह निवासी वार्ड नंबर-7, शिवनगर और 20 वर्षीय अंकित सागर उर्फ गट्टी पुत्र सुरेश सागर निवासी वार्ड नंबर-8, शिवनगर, थाना ट्रांजिट कैंप रुद्रपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बाइक से उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे। तलाशी के दौरान सिप्पी सागर के पास से एक 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस, जबकि अंकित के पास से एक 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ।वहीं, किच्छा पुलिस ने हत्या में शामिल आरोपी दीपक पुत्र श्यामलाल निवासी खमरिया रोड, लालपुर और विजय प्रताप पुत्र राम प्रसाद निवासी बाबूराम गली, रामेश्वरपुर को गिरफ्तार किया। घटना में संलिप्त दो किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस इससे पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर पुलिस अभिरक्षा में रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस ने विक्रांत हत्याकांड में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो किशोरों को संरक्षण में लिया है। आरोपियों के पास से चार तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
