

देहरादून। बसंत कुंज में मकान का ताला तोड़कर करीब आठ लाख रुपये की ज्वैलरी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शानू (32) निवासी मुस्लिम बस्ती शास्त्रीनगर खाला के कब्जे से चोरी की गई पूरी ज्वैलरी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, छह अक्टूबर को बसंत कुंज निवासी अमित कुमार क्षेत्री ने शिकायत दर्ज कराई थी कि निजी काम से बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर ज्वैलरी चोरी कर ले गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान मिले सुराग और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छह अक्टूबर की रात मालिक चौक से आगे शास्त्रीनगर खाला पुलिया के पास घेराबंदी कर शानू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी की ज्वैलरी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मकान की रेकी कर चोरी करने की बात स्वीकार की।
बरामद सामान में मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, झुमके और टॉप्स शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर और बसंत विहार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत 2020, 2024 और 2026 में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।



