

हल्द्वानी। उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के तत्वावधान में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को केवीएम पब्लिक स्कूल, लामाचौड़ में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जबकि वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं 8 अक्टूबर को होंगी। संस्कृत नाटक, समूहगान, वाद-विवाद, आशुभाषण और श्लोकोच्चारण सहित विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। नाटक में 15, समूहगान में 14, वाद-विवाद में 12, आशुभाषण में 10 और श्लोकोच्चारण में 8 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. यशोदा प्रसाद सेमवाल सहित विद्यालय प्रबंधन और संस्कृत शिक्षा से जुड़े अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने संस्कृत में प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
जनपद संयोजक डॉ. हेमचंद्र जोशी ने कहा कि संस्कृत भारत की ज्ञान परंपरा, संस्कृति और जीवन-मूल्यों की आधारशिला है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को संस्कृत से जुड़ने और अपनी प्रतिभा सामने लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के आयोजन में सह-संयोजक डॉ. राजेंद्र भट्ट के साथ आयोजन समिति, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और सहयोगियों ने भूमिका निभाई। व्यवस्थाओं में भगवान सिंह बोरा, यशवंत सिंह, डॉ. कैलाश चंद्र सिंह नेगी, प्रिया कुमारी, कुसुमपाल और माया सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।



