
ऋषिकेश। हरिपुरकला ग्रामसभा में अज्ञात टप्पेबाज ने विदेशी नागरिक का बैग उड़ा लिया। पीड़ित शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। रायवाला पुलिस के मुताबिक स्वीडन निवासी वालटर पुत्र पीटर हरिद्वार में घूमने के लिए पहुंचा था। फिलहाल वह पैरामिड कैफे योगा स्कूल ऋषिकेश में रुका है। वालटर ने शिकायत में पुलिस को बताया कि चह हरिपुरकला में गंगातट पर बैठा था। इस बीच उसका बैग मौके से गायब हो गया। आसपास तलाश के बावजूद बैग का पता नहीं चला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष कुलदीप पंत ने बताया कि वाटलर ने बैग में 11 हजार रुपये, मोबाइल, पासपोर्ट, नेशनल आईडी कार्ड और पर्स होने की बात कही है। पुलिस अज्ञात टप्पेबाजी की पहचान में जुटी है।

