
अल्मोड़ा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी)-2027 में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला युवा अधिकारी कमल त्रिपाठी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा, जिसका उद्देश्य युवाओं को ‘विकसित भारत @2047’ के विजन से जोड़ते हुए उनके विचार, नवाचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। इसके तहत विकसित भारत चैलेंज, कल्चरल ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, यूथ एंटरप्रेन्योर्स चैलेंज और यूथ पार्लियामेंट सहित छह प्रमुख ट्रैक निर्धारित किए गए हैं। कमल त्रिपाठी ने बताया कि विकसित भारत चैलेंज के अंतर्गत क्विज, निबंध, जिला स्तरीय चैंपियनशिप, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और राष्ट्रीय स्तर तक चरणबद्ध चयन प्रक्रिया होगी। क्विज प्रतियोगिता का आयोजन 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को हिमालयन फ्रंटियर रीजन (हिमवंत जागृति) के अंतर्गत शामिल किया गया है, जिसका मुख्य विषय ‘क्लाइमेट सिक्योरिटी, बॉर्डर्स एंड सस्टेनेबल माउंटेन डेवलपमेंट’ निर्धारित किया गया है। जिला युवा अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी गतिविधियां मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) पोर्टल के माध्यम से संचालित की जाएंगी। पोर्टल पर पहले से पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अल्मोड़ा जनपद के पात्र युवाओं से इस राष्ट्रीय पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आह्वान किया।


