
पौड़ी(आरएनएस)। विकासखंड कीर्तिनगर के सिरवाड़ी गांव के ग्रामीणों को सड़क सुविधा से जुड़ने का सपना पांच वर्ष बाद भी साकार नहीं हो पाया है। शासन से स्वीकृति मिलने और भारत सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से करीब एक वर्ष पहले वन भूमि हस्तांतरण की मंजूरी मिलने के बावजूद चौरीखाल-सिरवाड़ी-कांडा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है। सड़क निर्माण में हो रही देरी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। सिरवाड़ी गांव के करीब 300 परिवार आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं। गांव तक पहुंचने के लिए लोगों को प्रतिदिन करीब ढाई किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई और उतराई पैदल तय करनी पड़ती है। बरसात और आपातकालीन परिस्थितियों में यह परेशानी और अधिक बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं होने के कारण क्षेत्र के विकास की रफ्तार भी थम गई है। ग्राम प्रधान उषा देवी और ग्रामीण धन सिंह रावत ने बताया कि शासन ने करीब पांच वर्ष पूर्व चौरीखाल-सिरवाड़ी-कांडा मोटर मार्ग को स्वीकृति दी थी। इसके बाद वन भूमि संबंधी औपचारिकताओं और कुछ अन्य कारणों से कार्य आगे नहीं बढ़ पाया। लंबे इंतजार के बाद वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से वन भूमि उपयोग की अनुमति भी मिल गई लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के अभाव का सबसे अधिक असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ता है। किसी के बीमार होने या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने की स्थिति में लोगों को खाट या अन्य साधनों के सहारे पैदल मार्ग से सड़क तक लाना पड़ता है।
लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर की सहायक अभियंता निक्की बाला ने बताया कि मोटर मार्ग की डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है। निर्माण कार्य के लिए निविदा जारी कर दी गई है, जल्द ही की निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
