
बागेश्वर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उरेडा के परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई शुक्रवार को विजिलेंस हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने की।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उरेडा कार्यालय में उसके सोलर प्लांट से संबंधित संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट लंबे समय से लंबित थी। आरोप है कि परियोजना अधिकारी फाइलों को आगे बढ़ाने के एवज में प्रति फाइल 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता की चार फाइलें कार्यालय में लंबित थीं, जिनके निस्तारण के लिए अधिकारी ने कुल 40 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को परियोजना अधिकारी धीरेंद्र सिंह पटवाल को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। टीम आरोपित से पूछताछ कर रही है तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
