
बागेश्वर(आरएनएस)। नगर के सरयू पुल पर गुरुवार देर शाम नदी में छलांग लगाने का प्रयास कर रही किशोरी को स्कूटी सवार युवक ने समय रहते बचा लिया। पुल से गुजर रहे अशोक कुमार की नजर किशोरी पर पड़ते ही उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मौके पर कुछ देर के लिए भीड़ जुट गई। सूचना पर कोतवाली बागेश्वर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और किशोरी से पूछताछ की और परिजनों और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने स्कूटी सवार अशोक कुमार की सराहना की। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि किशोरी को आवश्यक कार्रवाई के बाद वन स्टॉप सेंटर के सुपुर्द कर दिया गया है। वहां उसकी विशेषज्ञों द्वारा काउंसिलिंग कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और किशोरी के परिजनों से भी संपर्क किया गया है। काउंसिलिंग के बाद यदि किसी प्रकार के अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
