
हल्द्वानी(आरएनएस)। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नैनीताल जिले के थाना प्रभारी पर्यटन के पीक सीजन में फील्ड पर उतरें और यातायात को संभालने में सहयोग करें। उन्होंने लापरवाही उजागर होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। कहा कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करें। साथ ही हुड़दंगियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शनिवार को कोतवाली सभागार हल्द्वानी में एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने अपराध गोष्ठी की। यहां उन्होंने आगामी पर्यटन सीजन, ग्रीष्मकालीन छुट्टियों और अप्रैल के अपराधों की समीक्षा की। सभी अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून व्यवस्था, स्मार्ट पुलिसिंग और आगामी पर्यटन सीजन को सुरक्षित और सुगम बनाने को निर्देश जारी किए। एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। 15 से अधिक विवेचनाओं वाले दरोगाओं को निस्तारण करने को कहा। आगामी कैंची धाम मेला, धार्मिक पर्यटन और ग्रीष्मकालीन सीजन के कारण भारी संख्या में पर्यटकों का आगमन को देखते हुए थाना प्रभारियों को प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। कहा कि थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों के बॉटलनेक, बैरियर, डाइवर्जन और पार्किंग पॉइंट्स पर स्वयं मुस्तैद रहकर यातायात व्यवस्था संभालेंगे। गोष्ठी में 39 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यहां एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी और सीएफओ गौरव किरार मौजूद रहे।
