

हल्द्वानी(आरएनएस)। हल्द्वानी से रुद्रपुर और किच्छा मार्गों पर चलने वाली इंटर सिटी बसों का संचालन यात्रियों की भारी कमी के कारण परिवहन निगमों के लिए घाटे का सौदा हो रहा है। इंटर सिटी बस यूनियन, हल्द्वानी के संरक्षक एचबी तिवारी ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि सिडकुल क्षेत्र से कई उद्योगों के पलायन और कर्मचारियों की संख्या घटने के कारण बसों की औसत ऑक्यूपेंसी घटकर 40 प्रतिशत से भी कम रह गई है। इससे निजी इंटर सिटी बसों के साथ उत्तराखंड और यूपी परिवहन निगम की बसों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे प्रतिमाह प्रति वाहन औसत संचालन महज 2400 किमी तक सिमट गया है।इसके अलावा हल्द्वानी और रुद्रपुर नगरों में बसों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से संचालकों को लगातार नो पार्किंग की पेनल्टी भरनी पड़ रही है। रुद्रपुर के डीडी चौक पर निर्धारित बस स्टैंड पर टैक्सी के नाम पर मैजिक और ईको जैसे वाहनों के अवैध कब्जे से आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। यूनियन ने मांग की है कि इन अवैध वाहनों को तुरंत हटाया जाए, पार्किंग की व्यवस्था की जाए और जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक इन मार्गों पर कोई भी नया रूट परमिट जारी न किया जाए ताकि शहरों को जाम की समस्या से भी बचाया जा सके।



