


रुद्रपुर(आरएनएस)। विजयादशमी पर मंगलवार को शहर में अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक रावण दहन कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। शहर में पांच स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन होगा। मुख्य आयोजन गांधी पार्क में होगा, जहां 65 फीट ऊंचे रावण के साथ 55 फीट ऊंचे कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। रावण के पुतले की आंखों और नाभि से विशेष आतिशबाजी होगी, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। शहर के इंदिरा कॉलोनी, मेट्रोपोलिस कॉलोनी, एलायंस कॉलोनी समेत अन्य स्थानों पर भी 20 से 25 फीट ऊंचे रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। दशहरा पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विशेष आतिशबाजी और दशहरा मेले की तैयारियां
रामलीला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष महावीर आजाद ने बताया कि गांधी पार्क में रावण दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार पुतले को विशेष तकनीक से तैयार किया गया है। दहन के दौरान रावण की आंखों से अंगारे और नाभि से चिंगारियां निकलेंगी। इसके लिए कारीगरों ने खास व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी रावण दहन देखने के लिए हजारों लोगों के गांधी पार्क पहुंचने की उम्मीद है। बच्चों में आतिशबाजी और मेले को लेकर खासा उत्साह है। शाम छह बजे से दशहरा मेले की शुरुआत होगी। इसके बाद श्रीराम-रावण युद्ध की झांकी का मंचन किया जाएगा और फिर पुतलों का दहन होगा।



