
देहरादून (आरएनएस)। दून में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर दो छात्रों की जान ले गया। मंगलवार देर रात धोरणपुल के पास एक अनियंत्रित बाइक विपरीत दिशा में जाकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में डीआईटी यूनिवर्सिटी के बी फार्मा प्रथम वर्ष के दो छात्रों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे की है। देव कुमार पांडे (22) पुत्र राधे कुमार पांडे, निवासी कुमार थाना सिकंदरा, जिला जमुई (बिहार) अपने साथी रोनित विश्वास (19) पुत्र रतन विश्वास, निवासी दीमापुर (नागालैंड) के साथ बुलेट बाइक से धोरणपुल की ओर से आईटी पार्क की तरफ जा रहे थे। आईटी पार्क चौक से पहले आदर्श एंक्लेव गेट के पास हल्के मोड़ पर बाइक अचानक बेकाबू हो गई और विपरीत दिशा में जाकर पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर एंबुलेंस बुलाई गई और दोनों को मसूरी रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बाइक चला रहे देव कुमार पांडे को मृत घोषित कर दिया।
पीछे बैठे रोनित विश्वास के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बुधवार सुबह करीब चार बजे इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही डीआईटी यूनिवर्सिटी के कई छात्र पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां माहौल गमगीन बना रहा।


