
हल्द्वानी। कालाढूंगी विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने अधिकारियों को चार धाम यात्रा व पर्यटन सीजन को देखते हुए यहां पहुंचने वाले लोगों के लिए सुविधाएं दुरुस्त करने को कहा है। उन्होंने आरटीओ के अधिकारियों को भी वाहनों की फिटनेस आदि की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री भगत ने कहा कि कुमाऊं मंडल के तराई क्षेत्र से कई यात्री बद्रीनाथ, केदारनाथ धाम के साथ हेमकुंड साहिब जाते हैं। ऐसे में उन्होंने नैनीताल जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को यात्रा सीजन की सभी तैयारियां पूरी कर लेने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि वह अपनी सीमा के अंतर्गत पड़ने वाले यात्रा मार्गों को चाक चौबंद रखें। उन्होंने कहा है कि नैनीताल जिले के आसपास भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, खुर्पाताल क्षेत्र में भी पर्यटकों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिसके लिए जिला प्रशासन पर्यटकों को कोई असुविधा न हो इसका पूरा ध्यान रखें।



