
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में संचालित हो रहे स्टोन क्रशरों पर एसडीएम व खनन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। इस दौरान मानकों का पालन न करने पर एक स्टोन क्रशर को सीज कर दिया गया है। छापेमारी के दौरान की गई कार्रवाई की प्रशासन रिपोर्ट तैयार करने में जुटा हुआ है। सीज किया गया स्टोन क्रशर स्थानीय निवासी व कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता का बताया जा रहा है। श्रीनगर और आसपास संचालित हो रहे स्टोन क्रशरों में मानकों का पालन न किए जाने की शिकायत पर की गई छापेमारी में कई स्टोन क्रशरों में खामियां पाई गई। जिसके विरुद्ध प्रशासन की कार्यवाही अमल में लाई गई है। एसडीएम अजयवीर सिंह ने बताया कि गंगा दर्शन बैंड के समीप और धारी देवी के पास संचालित हो रहे स्ट्रोन क्रशरों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि स्टोन क्रशरों के संचालन में लापरवाही और खामियां पाई गई हैं। गंगा दर्शन बैंड के समीप संचालित हो रहे स्टोन क्रशर में मानकों का अत्यधिक उल्लंघन पाए जाने पर उसे सीज कर दिया गया है। वहीं खनन उप निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि जिन स्टोन क्रशरों का निरीक्षण किया गया है उनमें से कुछ रेलवे के काम में लगे मोबाइल क्रशर हैं, जबकि कुछ निजी क्रशर हैं। कहा इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

