
अल्मोड़ा। क्षेत्रक मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अल्मोड़ा में आयोजित अंतर क्षेत्रक खो-खो प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन सीमांत मुख्यालय एसएसबी रानीखेत के तत्वावधान में क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा की निगरानी में किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर समिति ने सीमांत मुख्यालय एसएसबी रानीखेत की महिला एवं पुरुष खो-खो टीम का भी चयन किया। समापन समारोह में द्वितीय कमान अधिकारी (कार्यवाहक उप महानिरीक्षक) तपन कुमार दास ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और खेल भावना का परिचय दिया है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ खेलते हुए सशस्त्र सीमा बल का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना का परिचय देने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में उप कमांडेंट वीरेंद्र सिंह चौधरी, रविनंद झा, विपिन कुमार कटारा, शिव राम सहित क्षेत्रक मुख्यालय के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
