

रुद्रपुर(आरएनएस)। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के विवेक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे ऊर्जा निगम के कर्मचारियों के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अवर अभियंता कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई को वह एसडीओ अन्नू अरोरा, लाइन स्टाफ और कार्यदायी संस्था अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस के कर्मचारियों के साथ विवेक नगर क्षेत्र में पुराने बिजली मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने पहुंचे थे। टीम जब उपभोक्ता शारदा देवी पत्नी राम किशोर निवासी वार्ड नंबर-7, विवेक नगर के घर पहुंची, तभी वहां मौजूद एक महिला और एक पुरुष ने लोगों को भड़काना शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने अन्य लोगों को एकत्र कर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रुकवा दिया और कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। आरोप है कि इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने डंडे से स्मार्ट मीटर पर प्रहार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। विभाग ने घटना के वीडियो और स्क्रीनशॉट भी पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं। उन्होंने अज्ञात महिला और पुरुष के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कर्मचारियों से अभद्रता करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

