
हरिद्वार(आरएनएस)। श्रावण नाथ नगर में बुधवार देर रात राजस्थानी पत्थरों से भरे ट्रक को अनलोड करते समय अचानक पत्थरों की सिल्ली का ढेर खिसक गया। इसकी चपेट में आने से दो मजदूर पत्थरों के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। करीब डेढ़ घंटे तक मजदूर पत्थरों के नीचे दबे रहे। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चला कर दोनों को बाहर निकाला। हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ठेकेदार के हाथ पैर में चोटें आई। दोनों को उपचार के लिए हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।हादसा देर रात श्रावण नाथ नगर के पीलीभीत हाउस के बाहर हुआ। यहां पत्थर लगाने का काम चल रहा है। इसी सिलसिले में ट्रक में लदे पत्थरों को उतारा जा रहा था। इसी दौरान अचानक पत्थरों का संतुलन बिगड़ गया और भारी पत्थर की सिल्ली मजदूरों के ऊपर आ गिरी। दोनों मजदूर पत्थरों के ढेर के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने मजदूर को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में नगर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर टीम के पहुंचने से पहले ही ठेकेदार इमरान (45) निवासी विष्णु लोक कॉलोनी को बाहर निकाल लिया। करण (30) निवासी भरतपुर राजस्थान को भारी पत्थरों को हटा कर बाहर निकालने के प्रयास फायर टीम में शुरू किया। प्रेशर जैक और अन्य उपकरणों की सहायता से मजदूर को बाहर निकाला गया। एफएसओ बीरबल सिंह ने बताया कि मजदूरों को बाहर निकाल कर पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। यहां से दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। ठेकेदार इमरान के हाथ पैरों में छोटे आई है। वहीं मजदूर करण की हालत गंभीर बताई जा रही है।

