
विकासनगर(आरएनएस)। कालसी ब्लॉक के अलसी गांव के आराध्य महेश्वर देवता 14 साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद हरिद्वार में शाही स्नान संपन्न कर वापस लौट आए हैं। रविवार सुबह चार बजे हरिद्वार में पवित्र शाही स्नान के बाद देव चिन्हों के साथ ग्रामीण विकासनगर पहुंचे, जहां भक्तों ने अपने आराध्य देवता का भव्य स्वागत किया। हरिद्वार से वापसी यात्रा के दौरान सभावाला, हरबर्टपुर और विकासनगर में महेश्वर महाराज के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने देव चिन्हों का आशीर्वाद लिया। महेश्वर देवता रविवार को रात्रि विश्राम विकासनगर में करेंगे। श्रद्धालुओं और देव समिति के सदस्यों ने बताया कि सोमवार सुबह महेश्वर महाराज यमुना घाट, हरिपुर पहुंचेंगे।
यहां विधिवत रूप से पुनः शाही स्नान संपन्न किया जाएगा, जिसके उपरांत देवता अपने मूल स्थान अलसी गांव के लिए प्रस्थान करेंगे। सोमवार का दिन अलसी गांव के लिए अत्यंत मंगलकारी होगा। गांव में महेश्वर महाराज के नवनिर्मित मंदिर में देवता की प्रतिष्ठा की जाएगी। इस पावन अवसर पर एक विशाल जागड़े का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। इस दौरान कुल पुरोहित बारू दत्त शर्मा, देव पुजारी दिनेश सिंह बिष्ट, वजीर कुन्दन सिंह बिष्ट, भंडारी राजेन्द्र बिष्ट, देव माली जयपाल सिंह बिष्ट, रूप राम बिष्ट, जनक सिंह बिष्ट, महावीर बिष्ट, खुशीराम बिष्ट, प्रवीण बिष्ट, अनिल बिष्ट, परम सिंह बिष्ट मौजूद रहे।
