
देहरादून(आरएनएस)। गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में शनिवार को स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन किया गया। विश्वविद्यालय ने उद्योग आधारित प्रशिक्षण, 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता और होटल उद्योग से सीधे जुड़ाव पर जोर देते हुए बताया कि जल्द ही ताज ग्रुप के साथ एमओयू किया जाएगा। भवन का उद्घाटन ताज ऋषिकेश रिजॉर्ट एंड स्पा के क्लस्टर जनरल मैनेजर (ऑपरेशंस) एवं जनरल मैनेजर मनोज मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि यह पहल हॉस्पिटैलिटी उद्योग के लिए दक्ष और प्रशिक्षित प्रोफेशनल तैयार करने में अहम साबित होगी। ताज ग्रुप के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देंगे।
एसजीआरआरयू के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास ने स्कूल की टीम को शुभकामनाएं दीं। कुलपति डॉ. के प्रतापन ने कहा कि विश्वविद्यालय उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय जैविक उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में कार्य करेगा।होटल मैनेजमेंट एवं टूरिज्म हॉस्पिटैलिटी के डीन डॉ. विनय राणा ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित होटल समूहों में इंटर्नशिप और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और पलायन रोकना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।कार्यक्रम में विपिन चन्द्र घिल्डियाल, विजय नौटियाल, विनय मोहन थपलियाल, मनोज जखमोला और सीएस पयाल भी मौजूद रहे।

