
बागेश्वर। गागरीगोल क्षेत्र के सीर गांव के पास रविवार को सेना के वाहन और स्कूटी की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैरों में फ्रैक्चर होने के बाद प्राथमिक उपचार के उपरांत एक घायल को अल्मोड़ा और दूसरे को जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार बागेश्वर से गरुड़ की ओर जा रहा सेना का वाहन सीर गांव के पास पहुंचा था। इसी दौरान स्कूटी संख्या यूके-02 बी-2943 अनियंत्रित होकर सेना के वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में मन्यूड़ा गागरीगोल निवासी 24 वर्षीय संजय कुमार पुत्र बसंत राम तथा रियूनीलखमार निवासी 20 वर्षीय मदन उर्फ राहुल पुत्र पूरन राम गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाल कैलाश सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया गया।
सीएचसी बैजनाथ की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सपना राजपूत ने बताया कि दोनों युवकों के दाहिने पैर में फ्रैक्चर है तथा हाथों में भी चोटें आई हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए राहुल को अल्मोड़ा और संजय को जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया।
कोतवाल कैलाश सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले ही पुलिस ने खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर एक अन्य स्कूटी को सीज किया था। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से वाहन न चलाने की अपील की।

