
रुड़की(आरएनएस)। सोशल मीडिया पर सैनी समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी किए जाने से नाराज समाज के सैकड़ों लोग रविवार शाम लक्सर कोतवाली पहुंच गए। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया और कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर सैनी समाज को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की थी। टिप्पणी सामने आने के बाद समाज के लोगों में रोष फैल गया। रविवार शाम बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर लक्सर कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोशियारी ने बताया कि समाज के लोगों की ओर से तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर अकौढ़ा खुर्द निवासी पुनीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डॉ. संजय सैनी, यशवीर सिंह सैनी, पवन कुमार सैनी, प्रदीप प्रधान, गौरव सैनी, प्रवीण सैनी, साहब सिंह सैनी, संजय सैनी, राजू सैनी, अर्जुन सैनी, दीपक सैनी, रंजन सैनी, अभिषेक सैनी, सागर सैनी, अमित सैनी, काकन सैनी, मुकुल सैनी, लोकेश सैनी, सत्यम सैनी, संदीप शर्मा, डॉ. बृजेश सैनी, दिनेश सैनी, विपुल सैनी, मनीष सैनी और सुमित सैनी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

