
देहरादून(आरएनएस)। विवाहित महिला ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्मांतरण का दबाव बनाने के आरोपी पर केस दर्ज कराया है। राजपुर थाना पुलिस ने मामले में जीरो केस दर्ज कर जांच मसूरी भेज दी है। राजपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के मुताबिक पीड़िता ने कहा कि उसकी मुलाकात जनवरी 2023 में एक मोबाइल दुकान पर दानिश नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि मार्च 2023 में दानिश ने महिला को धोखे से एक होटल में ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए।इसके बाद वह पीड़िता को ब्लैकमेल कर किमाड़ी, मसूरी और विकासनगर के अलग-अलग होटलों में ले जाकर शोषण करता रहा। आरोपी ने ब्लैकमेल कर महिला के सोने के जेवर बिकवा दिए, ऑनलाइन पैसे ऐंठे और अपने नाम पर एक महंगा मोबाइल भी फाइनेंस करवा लिया, जिसकी किश्त पीड़िता भर रही है। आरोपी दानिश ने पीड़िता पर उसका धर्म अपनाने का भी दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसके लिए पीड़िता को हिजाब पहनने, नमाज पढ़ने और रोजे रखने के लिए मजबूर किया। आरोप है कि पीड़िता के बेटे का खतना कराने का भी दबाव डाला। लगातार हो रहे ब्लैकमेल और प्रताड़ना से तंग आकर महिला पुलिस के पास पहुंची। जिस पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

