

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेड़ी गांव में एक युवक को मदरसे के अंदर बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसे पकड़कर मदरसे में ले जाने के बाद गेट बंद कर दिया और सरिये, ईंट तथा लाठी-डंडों से हमला किया। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोडाहेड़ी निवासी साहिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार नवंबर की शाम वह गांव में पानी की टंकी के पास खड़ा था। इसी दौरान अमजद और सुलेमान सफेद कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कुछ देर बाद उसे सबक सिखाने की बात कही।
साहिल के मुताबिक, कुछ देर बाद जब्बार उर्फ माणू स्कूटी से पहुंचा, जबकि अमजद, उस्मान, गुफरान और सुफियान सफेद कार से वहां आए। आरोप है कि सभी ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करते हुए गांव के मदरसे में ले गए। वहां गेट बंद कर उसे बंधक बना लिया गया और मारपीट की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि गुफरान ने सरिये से, अमजद ने ईंट से तथा उस्मान और सुफियान ने थप्पड़-मुक्कों से हमला किया।
पीड़ित के अनुसार, शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। साहिल ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड होने का दावा करते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुलेमान, अमजद, गुफरान, उस्मान, सुफियान और जब्बार उर्फ माणू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।



