
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित कौशल विकास एवं स्वरोजगार योजनाएं युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में प्रभावी साबित हो रही हैं। इन्हीं प्रयासों के तहत आरसेटी (RSETI) के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम से प्रेरणा लेकर पिथौरागढ़ की लक्ष्मी जोशी ने अपना ब्यूटी पार्लर स्थापित कर न केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है, बल्कि दो अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है।
विकासखंड मूनाकोट के ग्राम डुंगरी की मूल निवासी एवं वर्तमान में जाजरदेवल में रह रही लक्ष्मी जोशी का परिवार पहले मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर था। सीमित आय के कारण परिवार को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्हें आरसेटी पिथौरागढ़ द्वारा संचालित 35 दिवसीय निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी मिली। उन्होंने प्रशिक्षण लेकर सौंदर्य सेवाओं की आधुनिक तकनीकों में दक्षता हासिल की।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद लक्ष्मी जोशी ने अपने पति और ससुर के सहयोग से जाजरदेवल में ब्यूटी पार्लर की शुरुआत की। शुरुआती दौर में ग्राहकों की संख्या कम रही, लेकिन गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, उचित शुल्क और बेहतर व्यवहार के कारण उनका व्यवसाय लगातार बढ़ता गया। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर किए गए प्रचार-प्रसार ने भी उनकी पहचान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वर्तमान में उनका ब्यूटी पार्लर क्षेत्र में अच्छी पहचान बना चुका है और वह प्रतिमाह करीब 25 से 30 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने दो लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया है, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार आया है।
लक्ष्मी जोशी का कहना है कि आरसेटी के प्रशिक्षण ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कौशल विकास एवं स्वरोजगार योजनाओं के कारण ही वह अपना व्यवसाय स्थापित कर सकीं।
लक्ष्मी जोशी की सफलता आज क्षेत्र की अनेक महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि प्रभावी प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं आत्मनिर्भर बनते हुए रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

