

हरिद्वार(आरएनएस)। हरकी पैड़ी से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई है। वीडियो में एक व्यक्ति महिला की तस्वीर पर थूकने के बाद उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज था और इसी कारण उसने जीवित पत्नी का प्रतीकात्मक पिंडदान कर दिया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को लेकर तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है। तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने कहा कि हरकी पैड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष अधीर कौशिक ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों को रील और सोशल मीडिया व्यूज के लिए मजाक बनाना अस्वीकार्य है।
पुलिस चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और संबंधित व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

