
रुद्रपुर(आरएनएस)। रम्पुरा क्षेत्र में शनिवार शाम दो गुटों के बीच हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में झगड़े के दौरान गोली जैसी आवाज सुनाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक फायरिंग या मारपीट की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, रम्पुरा चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद के दौरान एक गुट ने एक युवक की बाइक क्षतिग्रस्त कर दी और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक दीवार की ओट में झगड़ते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में गोली की आवाज सुनाई देने की भी चर्चा है। वहीं, एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि पुलिस को अब तक न तो फायरिंग और न ही मारपीट की कोई आधिकारिक सूचना मिली है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

