

रुद्रपुर(आरएनएस)। सभा स्थल के शुद्धीकरण मामले में सोमवार को कांग्रेसियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले को लेकर कांग्रेस कमेटी की महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। ममता रानी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि आठ अगस्त को हल्द्वानी में रामलीला मैदान में अनुसूचित जाति से आने वाले कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे कांगेस पार्टी के एक जनसभा में शामिल हुए थे। आरोप है कि जनसभा के दो दिन बाद दस अगस्त को कुछ लोगों ने संविधान का जानबूझकर अनादर करते हुए सभा स्थल पर गंगाजल छिड़क कर निन्दनीय शुद्धीकरण करने का आपराधिक कृत्य किया है।
13 अगस्त को राज्य सभा में विपक्ष के नेता ने इस प्रकरण को राज्य सभा में पुरजोर तरीके से उठाते हुए कहा कि 21वीं सदी में देश में इस तरह की जातिवादी मानसिकता जीवित है। एक सांसद, देश के सबसे वरिष्ठ विपक्षी नेता और दलित समाज से आने वाले व्यक्ति के सभा करने के बाद उस जगह का शुद्धिकरण करना सीधे तौर पर अनछुएपन और छुआछूत अस्पर्शता को बढ़ावा देना है।
ममता रानी ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, सतीश कुमार, राहुल प्रजापति, दिनेश कोली, मोहन कुमार, रंजीत तिवारी, राकेश कोली, सरोज शर्मा, निसार अहमद, उमा सरकार, राजू गुप्ता, विकास मलिक, संजीव नंदी, चिराग कालर और सनील चुघ सहित कई लोग मौजूद रहे।



