
बागेश्वर। तहसील क्षेत्र के जैंसर और सीमार गांव में रैबीज की आशंका से तीन भैंसों की मौत होने के बाद पशुपालकों में दहशत फैल गई है। एहतियात के तौर पर मृत भैंसों का दूध और उससे बनी चाय पीने वाले 20 लोगों को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई है। वहीं पांच अन्य पशुओं का भी टीकाकरण किया गया है। पशुपालन विभाग की टीम गांवों में लगातार निगरानी कर रही है और जरूरत के अनुसार अन्य पशुओं का भी टीकाकरण किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार चार दिनों के भीतर जैंसर और सीमार गांव में तीन भैंसों की मौत हो गई। शुक्रवार को पशुपालकों की सूचना पर पशुपालन विभाग की टीम गांव पहुंची और मृत पशुओं की जांच की। जांच में भैंसों में रैबीज के लक्षण पाए जाने के बाद विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की।
मृत भैंसों का दूध और उससे बनी चाय का सेवन करने वाले 20 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में एंटी रैबीज टीके लगाए गए। साथ ही रैबीज के संभावित संक्रमण को रोकने के लिए पांच अन्य पशुओं का भी टीकाकरण किया गया।
भैंसों की लगातार मौत से क्षेत्र के पशुपालकों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग से गांव के सभी पशुओं का शीघ्र टीकाकरण कराने की मांग की है।
पशुपालन विभाग के अनुसार जैंसर और सीमार गांव में विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। जहां आवश्यकता होगी वहां पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। विभाग ने लोगों से किसी भी पशु में असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।
