
पौड़ी। जिले के पौड़ी गांव में प्रेम प्रसंग से आहत एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट और युवक का बनाया गया वीडियो मिला है, जिसे जांच के लिए फोरेंसिक परीक्षण हेतु भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार पौड़ी गांव निवासी लक्ष्मण सिंह नयाल के पुत्र आकाश नयाल ने 20 जुलाई की सुबह अपने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
बुधवार को मृतक के परिजन और ग्रामीण कोतवाली पहुंचे तथा कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि आकाश का पिछले चार वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। युवती द्वारा रिश्ता समाप्त किए जाने और उसके परिवार की ओर से कथित प्रताड़ना के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस के मुताबिक आत्महत्या से पहले युवक ने एक सुसाइड नोट लिखा और अपनी आपबीती बताते हुए एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। मृतक के पिता की तहरीर, सुसाइड नोट और वीडियो के आधार पर आरोपित युवती के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ सदर तपेश कुमार चंद ने बताया कि मामले की जांच कोतवाली पौड़ी के उपनिरीक्षक विजय थपलियाल को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट और वीडियो की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
