
अल्मोड़ा।दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को दन्यां में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर नारेबाजी की, सांकेतिक धरना दिया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। युवा कांग्रेस के विधानसभा जागेश्वर अध्यक्ष वीरेंद्र मलाड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ता नेहरू मार्केट में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने मुख्य चौराहे तक रैली निकालते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर सड़क पर बैठकर सांकेतिक धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ केंद्र सरकार ने बर्बरता की है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका पुतला दहन किया। कार्यक्रम में महिपाल आर्या, विक्रम फर्त्याल, गोविंद प्रसाद, कविता आर्या, विद्या जोशी, मदन भैसोड़ा, शेर सिंह भैसोड़ा, शंभू खौड़ीवाल, राजेंद्र प्रसाद प्रधान, हरीश जोशी, हरीश चंद्र जोशी, जगदीश प्रसाद, दीवान राम आर्य, नंदाबल्लभ जोशी, मनोज माड़मी, संतोष टम्टा, बहादुर राम, कमल किशोर, भगवान सिंह, राज कमल, आनंद जोशी, गणेश भट्ट, चंदन उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
