
अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय के मार्गदर्शन में सोमवार को ‘देवभूमि के बुजुर्गों का मान, विधिक सेवा का अभियान’ के तहत उत्तराखंड पूर्व सैनिक लीग, कचहरी बाजार में पूर्व सैनिकों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह ने वरिष्ठ नागरिकों को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम-2007, बच्चों की कानूनी जिम्मेदारियां, चिकित्सा सुविधाएं, ट्रिब्यूनल की व्यवस्था, साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, नालसा हेल्पलाइन 15100 तथा आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान रिटेनर अधिवक्ता तुलसी जौहरी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न कानूनी सेवाओं की जानकारी दी। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा, अल्मोड़ा के शाखा प्रबंधक विपिन नेगी ने साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में जागरूक किया। शिविर के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से 15 जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को छड़ियां भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में उत्तराखंड सैनिक लीग अल्मोड़ा के अध्यक्ष दिनेश चंद्र तिवारी, विनीता आर्या, पंकज भगत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

