
अल्मोड़ा। पुलिस लाइन अल्मोड़ा में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने पुलिस बल का निरीक्षण करने के साथ जवानों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया। परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ दौड़ लगाई और जवानों को शारीरिक व मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने के लिए प्रेरित किया। परेड के दौरान दौड़, तेज चाल से मंच के सामने से गुजरना, ड्रिल, शस्त्राभ्यास और स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इस दौरान उपस्थित जवानों को विभिन्न शस्त्रों, उनके उपयोग तथा हथियार संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। अधिकारियों ने जवानों को शस्त्रों के सुरक्षित और प्रभावी प्रयोग के बारे में विस्तार से बताया। परेड के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस मोहित कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, सीएफओ अल्मोड़ा नरेंद्र सिंह कुंवर, यातायात प्रभारी निरीक्षक दरबान सिंह, निरीक्षक अशोक कुमार धनकड़, निरीक्षक दूरसंचार उमा शंकर पांडे, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी, कोतवाली अल्मोड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय, उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस मोहित कुमार, प्रधान लिपिक हीरा सिंह, आंकिक पूरन सिंह सहित पुलिस लाइन, पुलिस कार्यालय, फायर स्टेशन अल्मोड़ा और संचार शाखा के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


