


पिथौरागढ़। जिला टेलीकॉम समिति की बैठक में जनपद में कमजोर नेटवर्क की समस्या को लेकर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब जनता संचार सेवाओं के लिए कंपनियों को भुगतान कर रही है तो लोगों को गुणवत्तापरक संचार सुविधा उपलब्ध कराना कंपनियों का दायित्व है। उन्होंने सभी सेवा प्रदाता कंपनियों को नेटवर्क व्यवस्था में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के उपखंड अधिकारी को सभी सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर जनपद की नेटवर्क व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को गुणवत्तापरक संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला टेलीकॉम समिति की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जा रही हैं।
आपदा और सामरिक दृष्टि से बेहतर नेटवर्क जरूरी
जिलाधिकारी ने कहा कि कमजोर नेटवर्क के कारण आपदा जैसी परिस्थितियों में संचार सुविधा बाधित होने से कई जरूरी कार्य प्रभावित हो सकते हैं। आपदा के समय बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी बेहद आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही बरतने पर अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बीएसएनएल, जिओ, एयरटेल, वीआई समेत अन्य सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों से कहा कि पिथौरागढ़ सीमांत जनपद है और दो देशों के साथ सीमा साझा करता है। ऐसे में यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। नेटवर्क में व्यवधान होने से कई तरह की समस्याएं सामने आ सकती हैं। उन्होंने सभी कंपनियों को अपने-अपने नेटवर्क की गुणवत्ता का परीक्षण कर मानक के अनुरूप बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
95 टावरों में से 62 स्थापित
बैठक में जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के माध्यम से जनपद में लगाए जा रहे टावरों की भी समीक्षा की। बीएसएनएल के उपखंड अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 95 टावर लगाए जा रहे हैं, जिनमें से 62 टावर स्थापित किए जा चुके हैं और इनमें संचार सेवाएं भी शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी ने शेष टावरों की स्थापना का कार्य जल्द पूरा कर उनमें भी संचार सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए।
गूंजी में मैराथन के लिए तैयार होगा विशेष नेटवर्क प्लान
आगामी माह गूंजी में प्रस्तावित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन को लेकर जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को सभी सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ समन्वय कर नेटवर्क व्यवस्था का विशेष प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गूंजी और आसपास का क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। आदि कैलाश और कैलाश मानसरोवर यात्रा जैसी गतिविधियों के कारण इन क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में यहां नेटवर्क व्यवस्था के लिए स्थायी और दीर्घकालिक योजना तैयार करना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत आने वाले गांवों में भी संचार सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए वाइब्रेंट विलेजेस में बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध होना आवश्यक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिनेश वर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।


