


अल्मोड़ा। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बाल संरक्षण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मंगलवार को महिला कल्याण विभाग की ओर से राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख में आयोजित बैठक में बाल अधिकारों और बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊ, लमगड़ा में शिक्षिका द्वारा छात्रा के साथ कथित मारपीट के मामले को गंभीरता से लेते हुए योगेश सिंह रजवार ने संबंधित विभागों को प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से विद्यालयों में रोस्टर के अनुसार व्यापक जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए। कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण तथा नशे और ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। अभियान के लिए शिक्षा विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है और इसमें संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
योगेश सिंह रजवार ने बाल कल्याण समिति को पॉक्सो से संबंधित मामलों में बच्चों की आवश्यक काउंसलिंग कराने और प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के बाद आयोग के सदस्य ने राजकीय बाल गृह (किशोरी), बख का निरीक्षण किया। उन्होंने बाल गृह में रह रही बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। बालिकाओं ने किसी प्रकार की समस्या नहीं बताई। उन्होंने बाल गृह में खान-पान, रहन-सहन, स्वच्छता समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल, मुख्य शिक्षा अधिकारी सीएस बिष्ट, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी कमल जोशी, महिला कोतवाली अल्मोड़ा से जानकी भंडारी समेत समाज कल्याण, परिवहन, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड हेल्पलाइन और श्रम विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

