

नई टिहरी। टिहरी पुलिस ने मुनिकीरेती क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.020 किलोग्राम चरस के साथ हिमाचल प्रदेश निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत जिले में नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश और क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में थाना मुनिकीरेती पुलिस तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम तपोवन बैरियर पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूटी संख्या UK14TB0588 को रोककर उसकी तलाशी ली। स्कूटी सवार युवक के कब्जे से 1.020 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अभिषेक (23) पुत्र पुरुषोत्तम लाल, निवासी ग्राम बुड्ढी, थाना एवं जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी गुलशन नाम के व्यक्ति से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुनिकीरेती में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



