
अल्मोड़ा। धार की त्यूनी स्थित पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के द्रोणाचार्य इनडोर स्पोर्ट्स हॉल की छत पर मंगलवार को एक विशालकाय पेड़ गिर गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अल्मोड़ा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सुरक्षित हटाकर संभावित खतरे को टाल दिया। फायर स्टेशन के कंट्रोल नंबर पर सूचना मिलने के बाद स्टेशन प्रभारी मुकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में राहत एवं बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। टीम ने रस्सियों की सहायता से पेड़ को सुरक्षित बांधा और वुडन कटर से उसे छोटे-छोटे हिस्सों में काटकर स्पोर्ट्स हॉल की छत से सावधानीपूर्वक हटा दिया। राहत कार्य के दौरान पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के कार्यकारी निदेशक, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान स्टेशन प्रभारी ने प्रशिक्षण केंद्र का फायर रिस्क निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। राहत अभियान में स्टेशन प्रभारी मुकेश चतुर्वेदी के साथ एलएफएम किशन सिंह, एफएस चालक विपिन बडोला तथा फायरमैन प्रियांशु कुमार, प्रेम सिंह, दीपक सिंह सामंत, धीरेन्द्र सिंह और दीपक मार्शल शामिल रहे।



