
अल्मोड़ा। जिला प्रशासन ने अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर भारी वाहनों के संचालन को आंशिक रूप से बहाल कर दिया है। वहीं क्वारब बाईपास मोटर मार्ग को यात्री एवं अन्य हल्के वाहनों के आवागमन के लिए खोलने के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अंशुल सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग खंड, रानीखेत की रिपोर्ट में बताया गया है कि हाईवे के किलोमीटर-56 पर वर्तमान में सभी वाहनों का संचालन संभव है। हालांकि वर्षा होने की स्थिति में मार्ग पर दोबारा कीचड़ आने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर भारी वाहनों का संचालन केवल प्रातः 4 बजे से 9 बजे तक तथा सायं 3 बजे से रात 9 बजे तक ही किया जाएगा।
वहीं प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, अल्मोड़ा की संस्तुति के आधार पर क्वारब बाईपास मोटर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रखा गया है, जबकि यात्री एवं अन्य हल्के वाहनों को इस मार्ग से आवागमन की अनुमति दे दी गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत जारी किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


