
नई टिहरी(आरएनएस)। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) ने धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय में अपना 137वां अध्ययन केंद्र स्थापित करने के लिए समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस एमओयू पर यूओयू की ओर से कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी और महाविद्यालय की ओर से प्राचार्य प्रो. प्रणीता नंद ने हस्ताक्षर किए। हस्ताक्षर समारोह के दौरान कुलपति प्रो. लोहनी ने कहा कि नया अध्ययन केंद्र न केवल क्षेत्र में उच्च शिक्षा की पहुंच को सुदृढ़ करेगा, बल्कि शिक्षार्थियों को डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म, शैक्षणिक मार्गदर्शन और नवाचार आधारित सीखने के अवसर भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने इसे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा व्यक्तियों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं लचीली शिक्षा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर बताया। साथ ही कहा कि विश्वविद्यालय दिव्यांगजनों के लिए विशेष पाठ्यक्रम संचालित करने की भी योजना बना रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. प्रणीता नंद ने इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि महाविद्यालय की मजबूत आधारभूत संरचना से यूओयू के 112 से अधिक पाठ्यक्रमों का लाभ स्थानीय समुदाय को सहजता से मिल सकेगा। इस अवसर पर यूओयू के कुलसचिव डॉ. खेमराज भट्ट, क्षेत्रीय निदेशक अनिल कंडारी, महाविद्यालय के एमओयू समन्वयक डॉ. देवेंद्र कुमार सहित शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों ने प्रतिभाग किया।

