
अल्मोड़ा। रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर रानीखेत और सल्ट विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुविधाओं के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान राज्य मार्ग संख्या-14 मोहान-गनियाद्योली मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्य के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹77.28 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। विधायक ने बताया कि परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹575.16 लाख है। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि परियोजना से संबंधित कार्यवाही शीघ्र शुरू की जाएगी। डॉ. नैनवाल ने रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने तथा सोनी-ड्योड़खाल मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरन सिंह डंगवाल के नाम पर रखे जाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।

