
ऋषिकेश(आरएनएस)। ग्रामीण इलाकों में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर किसानों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता देहरादून को ज्ञापन सौंप स्मार्ट मीटर नहीं लगाने की मांग की। बुधवार को अखिल भारतीय किसान सभा देहरादून के सदस्यों ने देहरादून स्थित ईसी रोड पर विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधीक्षण अभियंता विजय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली ने कहा कि डोईवाला क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका संगठन कड़ा विरोध करता है। कहा कि देश के कई राज्यों में स्मार्ट मीटरों से जुड़ी शिकायतें सामने आई हैं, जिसके चलते कुछ राज्य सरकारों ने इस योजना से दूरी भी बनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना आम उपभोक्ताओं के बजाय पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लाई गई है। जिला सचिव पुरुषोत्तम बडोनी और संयुक्त मंत्री याकूब अली ने कहा कि स्मार्ट मीटर योजना भविष्य में ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। सरकार आगे चलकर इन मीटरों को प्रीपेड करने की योजना बना रही है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौजूदा डिजिटल मीटर सही ढंग से कार्य कर रहे हैं और उपभोक्ता समय पर बिल का भुगतान कर रहे हैं, तो उन्हें बदलने की आवश्यकता क्यों है। किसान सभा ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी उपभोक्ता की मर्जी के खिलाफ जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। अधीक्षण अभियंता विजय कुमार सिंह ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि किसी भी विद्युत उपभोक्ता की इच्छा के विरुद्ध कहीं भी जबरन स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में डोईवाला मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष जाहिद अंजुम, मंडल सचिव अनूप कुमार पाल, जिला कमेटी सदस्य उद्धव बलूनी आदि शामिल रहे।
