
अल्मोड़ा। उत्तराखंड लोकवाहिनी की बैठक अध्यक्ष राजीव लोचन साह की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि महिला आरक्षण को लोकसभा सीटों से जोड़कर भ्रम की स्थिति बनाई जा रही है। उनका कहना था कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है तो मौजूदा लोकसभा सीटों पर ही संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार इसे लागू किया जाना चाहिए। इस पर सभी राजनीतिक दलों के बीच सहमति बनाई जा सकती है, जबकि संसद की सीटों को बढ़ाने का विषय अलग है, जिस पर अलग से चर्चा होनी चाहिए। अंकिता हत्याकांड के मुद्दे पर भी चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मामले में जांच को लेकर अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराए जाने की आवश्यकता जताई। इसके अलावा मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते मामलों पर भी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस समस्या से निपटने में वन विभाग प्रभावी साबित नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। बैठक के अंत में राजीव लोचन साह ने बताया कि डॉ. शमशेर सिंह बिष्ट की आठवीं पुण्यतिथि पर विद्वानों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैठक में राजीव लोचन साह, पूरन चंद्र तिवारी, जगत रौतेला, दयाकृष्ण कांडपाल, जंगबहादुर थापा, अजयमित्र सिंह बिष्ट, अजय सिंह मेहता, हारिस मुहम्मद और कुंदन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

