
अल्मोड़ा। सिगरेट, पान मसाला समेत अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की संभावित जमाखोरी, कालाबाजारी और बढ़ती कीमतों के विरोध में रविवार को जिलाधिकारी के माध्यम से जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और जमाखोरी पर रोक लगाकर आम उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। आरोप लगाया गया कि कुछ व्यापारी उपभोक्ता वस्तुओं को कृत्रिम रूप से रोककर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं, जिससे आम जनता, छोटे दुकानदारों और उपभोक्ताओं को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि थोक व्यापारियों के गोदामों, स्टॉक रजिस्टर, बिलिंग व्यवस्था और बाजार में की जा रही आपूर्ति की गहन जांच कराई जाए। साथ ही कृत्रिम अभाव उत्पन्न कर मुनाफाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा पान मसाला और अन्य उपभोक्ता वस्तुओं की थोक और फुटकर दर सूची सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई, ताकि उपभोक्ताओं को वास्तविक कीमतों की जानकारी मिल सके और बाजार में पारदर्शिता बनी रहे। ज्ञापन देने वालों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में राजीव गुरुरानी, रमेश बहुगुणा, धर्मेंद्र बिष्ट और संजय डालाकोटी शामिल रहे।

