
अल्मोड़ा। यात्रियों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्वारब बायपास मार्ग पर बसों तथा अन्य बड़े वाहनों के आवागमन पर अग्रिम आदेशों तक प्रतिबंध लगा दिया है। प्रतिबंध अवधि के दौरान इस मार्ग से केवल छोटे वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।
जिला प्रशासन ने बस एवं भारी वाहन चालकों से क्वारब बायपास मार्ग का उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करने की अपील की है। संबंधित अधिकारियों को प्रतिबंध का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार मार्ग की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से परिस्थितियां अनुकूल पाए जाने के बाद ही बसों एवं बड़े वाहनों के संचालन को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी यात्रियों एवं वाहन चालकों से जारी यातायात प्रतिबंधों का पालन करते हुए सहयोग करने की अपील की है।



