
अल्मोड़ा। शीतलाखेत से हवालबाग की ओर आ रही एक कार रविवार देर रात कोसी के पास अनियंत्रित होकर करीब 80 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र और चालक घायल हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घायलों का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे वाहन संख्या यूके-01-टीए-4465 कोसी स्थित जगत टायर वाले मंदिर के सामने पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में हवालबाग विकासखंड के कुज्याड़ी गांव निवासी आनंद सिंह पुत्र खीम सिंह (62) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पुत्र देवेंद्र रावत और चालक दिनेश सिंह भी घायल हुए।
हादसे के बाद चालक ने ग्रामीणों को फोन कर मदद मांगी। ग्रामीणों ने तीनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। आनंद सिंह को बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक दिनेश सिंह की कमर में चोट आई है, जबकि देवेंद्र रावत को हल्की चोट लगी है।
देवेंद्र रावत ने बताया कि वह शीतलखेत के भांकड़ गांव से जागर में शामिल होकर कुज्याणी लौट रहे थे। कोसी के पास चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और खाई में जा गिरा। सीओ बलवंत सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
