
भाजपा के बागी शैली फुटेला और लवी सहगल ने संदीप अरोरा के समर्थन में पर्चा वापस लिया, कांग्रेस के जीवन जोशी भी मैदान से हटे
रुद्रपुर। किच्छा नगर पालिका चुनाव में नाम वापसी के बाद मुकाबले की तस्वीर बदल गई है। भाजपा के बागी शैली फुटेला और लवी सहगल तथा कांग्रेस के बागी जीवन जोशी ने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में अपना नामांकन वापस ले लिया। वहीं यूकेडी प्रत्याशी अनिल पांडे ने भी भाजपा के समर्थन में नामांकन वापस ले लिया। नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद पर भाजपा के संदीप अरोरा, कांग्रेस के राजेश प्रताप सिंह और निर्दलीय अब्दुल रशीद व नरेंद्र टाकुली चुनाव मैदान में रह गए हैं। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका में 22 सितंबर को मतदान होगा।
12 प्रत्याशियों ने कराया था नामांकन
किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए कुल 12 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। रविवार को नाम वापसी के दिन शैली फुटेला और लवी सहगल ने भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोरा के समर्थन में अपना नामांकन वापस ले लिया। कांग्रेस के बागी जीवन जोशी ने भी कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के समर्थन में पर्चा वापस लिया। अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी आयशा बी, विशाल मदान और वंदना सिंह ने भी नामांकन वापस ले लिया।
यूकेडी प्रत्याशी ने भाजपा के समर्थन में छोड़ा मैदान
यूकेडी प्रत्याशी अनिल पांडे ने भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद अध्यक्ष पद के मुकाबले में भाजपा, कांग्रेस और दो निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
इन वार्डों में सभासद प्रत्याशियों ने वापस लिए पर्चे
किच्छा में सभासद पद पर वार्ड 2 से पूनम नगरकोटी, वार्ड 3 से रहीस बानो, खैरूनिशा और गजाला, वार्ड 4 से किशन, वार्ड 5 से अमित कुमार, रवि शर्मा और शिखा शर्मा, वार्ड 6 से रीना पांडे और मालती कुमारी, वार्ड 7 से अजय पाल, वार्ड 9 से मुन्नी देवी, वार्ड 10 से कमलेश और दीक्षा राठौर, वार्ड 11 से भावना बिष्ट, पुष्कर सिंह और नरेंद्र प्रताप, वार्ड 12 से दया डसीला, मनिंदर सिंह, मन्नू अरोड़ा और विकास शर्मा, वार्ड 13 से नितिन फुटेला, कौशिक आहूजा, प्रकाश अरोड़ा, मुकेश कुमार और शैलेंद्र कुमार, वार्ड 14 से मुकेश राठौर, वार्ड 15 से फरहीन बानो, वार्ड 17 से आयशा बी, सदफ मलिक, सहजी मलिक और इकरा मलिक, वार्ड 19 से छम्मन लाल व मिथिलेश तथा वार्ड 20 से राजेंद्र सिंह और सुभाष ने नामांकन वापस लिया।
सिरौलीकलां में अध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी
सिरौलीकलां नगर पालिका में अध्यक्ष पद की निर्दलीय प्रत्याशी जैबु निशा ने भी नामांकन वापस ले लिया। सभासद पद पर वार्ड 1 से जैबु निशा व छोटी तथा वार्ड 4 से मो. अहमद, मो. युनुस रजा, मो. शोहेब, हुमा नाज, हिना और मो. जीशान ने पर्चा वापस लिया। नाम वापसी के बाद यहां अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की राशिदा और निर्दलीय फरहीन जहां चुनाव मैदान में हैं।

