


अल्मोड़ा। जम्मू-कश्मीर में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन मुए-थाई चैंपियनशिप-2026 में अल्मोड़ा के आठ खिलाड़ी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू के इंडोर हॉल में होगी, जिसमें सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। सभी खिलाड़ी बुधवार को अल्मोड़ा से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुए। खेल विभाग के मुए-थाई कोच यशपाल भट्ट ने बताया कि हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम अल्मोड़ा के मन्नत, अर्पिता आर्या, तनुश्री लटवाल, चांदनी, वेदांत बिष्ट, वंश बोरा, हिमानी मेर और आदित्य लटवाल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों का लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीतना और अल्मोड़ा के साथ उत्तराखंड का नाम रोशन करना है। खिलाड़ियों को जिलाधिकारी अंशुल सिंह, स्टेडियम की क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, मुए-थाई एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी, महासचिव नीलेश जोशी, विश्व पदक विजेता प्रज्ञा जोशी, कोच यशपाल भट्ट और अन्य खेल प्रशिक्षकों, शिक्षकों व अभिभावकों ने शुभकामनाएं दीं।





