


अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज स्यालीधार में जीव विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. प्रभाकर जोशी को शिक्षकों के लिए ऑनलाइन पाठ्यक्रम निर्माण एवं अभिमुखीकरण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें 6 अक्टूबर को देहरादून स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तराखंड में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
एससीईआरटी की ओर से विकसित शिक्षकों के लिए ऑनलाइन पाठ्यक्रम ‘स्कूल शिक्षकों के लिए सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी उपकरणों की बुनियादी जानकारी’ को शिक्षा के क्षेत्र में ऑनलाइन शिक्षण की सफलता के लिए यूनेस्को और स्कॉच की ओर से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। इस पाठ्यक्रम को प्रदेश के 60 हजार से अधिक शिक्षक सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं। इसके निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. जोशी को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यालयी शिक्षा सचिव ज्योति यादव, निदेशक आकांक्षा कोंडे, महानिदेशक वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक परमेन्द्र सकलानी और कार्यक्रम समन्वयक रमेश प्रसाद बड़ोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. जोशी को इससे पहले शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार, उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान, श्रेष्ठ विज्ञान शिक्षक पुरस्कार और वर्ष के सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। वह छात्र केंद्रित वैज्ञानिक एवं शैक्षिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं और राष्ट्रीय सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी पुरस्कार के लिए वर्ष 2015, 2017 और 2020 में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
सम्मान मिलने पर डॉ. जोशी ने कहा कि व्यापक मुक्त ऑनलाइन पाठ्यक्रम आधुनिक डिजिटल शिक्षा के दौर में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और शिक्षण क्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने शिक्षकों से तेजी से बदलते शैक्षिक परिवेश में नवाचारों को अपनाने का आह्वान किया। उनकी उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अल्मोड़ा, खंड शिक्षा अधिकारी हवालबाग, विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश चंद्र पांडे, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और शिक्षाविदों ने प्रसन्नता व्यक्त की।




