
रुद्रपुर(आरएनएस)। नवरात्र पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) ललित मोहन पाण्डे के नेतृत्व में टीम ने रुद्रपुर क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान चार नमूने लिए गए। सहायक आयुक्त पाण्डे ने बताया कि इस दौरान एक मॉल में जांच करते हुए टीम ने सेंधा नमक का एक, रागी आटे के दो और साबूदाना का एक नमूना लिया। कुल चार नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए कि कुट्टू का आटा बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के न बेचा जाए। खुले आटे की बिक्री से बचने और केवल सीलबंद पैकेट में ही बिक्री करने को कहा गया। पैकेट पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी, निर्माता का पता और लाइसेंस नंबर अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा खाद्य कारोबारियों को कुट्टू के बीज और आटे के क्रय-विक्रय का लिखित रिकॉर्ड रखने और केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही सामान खरीदने के निर्देश दिए गए। टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा साह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशा आर्या और पंकज कुमार आदि शामिल रहे।

